संगरूर: पंजाब में सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और कामकाज में अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी के तहत वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने संगरूर स्थित GST और एक्साइज विभाग के कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। उनके अचानक दफ्तर पहुंचने से कर्मचारियों में हलचल मच गई।
दफ्तर पहुंचते ही वित्त मंत्री ने कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर तलब किया और उसकी बारीकी से जांच की। उन्होंने यह भी देखा कि कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर पहुंच रहे हैं या नहीं। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की हाजिरी व्यवस्था और रोजाना होने वाले कामकाज की जानकारी भी हासिल की।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के ड्यूटी पर देरी से पहुंचने की आदत पर नाराजगी जताते हुए चीमा ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में समय की पाबंदी बेहद जरूरी है। कर्मचारियों की लापरवाही का सीधा असर आम जनता के कामकाज पर पड़ता है। सरकार का उद्देश्य है कि सरकारी दफ्तरों में आने वाले लोगों को अपने काम के लिए बेवजह इंतजार न करना पड़े और उनकी फाइलों का निपटारा निर्धारित समय पर हो।
पिछले साल भी इसी दफ्तर में अनुपस्थित मिले थे 11 कर्मचारी
गौरतलब है कि संगरूर के GST और एक्साइज विभाग के इसी कार्यालय में पिछले साल भी कर्मचारियों की गैरहाजिरी का मामला सामने आया था। 7 अगस्त 2025 को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने यहां औचक निरीक्षण किया था। उस दौरान 11 कर्मचारी ड्यूटी के समय अपनी सीटों से अनुपस्थित पाए गए थे।
निरीक्षण के दौरान चीमा ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से उनके अनुपस्थित साथियों के बारे में भी सवाल किए थे। कुछ कर्मचारियों ने मौके पर ही जवाब दिया था, जबकि अन्य को अपनी अनुपस्थिति के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए थे।


