जालंधर: बहुचर्चित व्यूनाउ (Vuenow) ग्रुप से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित क्लाउड पार्टिकल स्कैम मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। इस मामले में अब राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू का नाम भी सामने आया है। ED ने उन्हें 25 नवंबर को जालंधर स्थित अपने कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश होने का समन जारी किया है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी को व्यूनाउ ग्रुप की कुछ कंपनियों से सतनाम सिंह संधू या उनसे संबंधित संस्थाओं के खातों में कथित तौर पर फंड ट्रांसफर किए जाने के संकेत मिले हैं। इसी सिलसिले में ED इन वित्तीय लेन-देन के स्रोत, उद्देश्य और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच करना चाहती है। एजेंसी उनका बयान दर्ज कर मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि कर सकती है।
हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सतनाम सिंह संधू को फिलहाल इस मामले में आरोपी के तौर पर नहीं बुलाया गया है और न ही उनकी किसी सीधी भूमिका की पुष्टि हुई है। उन्हें केवल कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जानकारी हासिल करने के लिए तलब किया गया है।
गौरतलब है कि ED ने इससे पहले भी सतनाम सिंह संधू को समन जारी कर 12 नवंबर को जालंधर कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए थे। लेकिन उस दिन उनके पेश नहीं होने के बाद जांच एजेंसी ने दोबारा समन जारी किया और उन्हें 25 नवंबर को उपस्थित होने के लिए कहा है।


