नई दिल्ली: दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में स्थित एक कैफे में 22 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती इसी कैफे में काम करती थी और उसने अपने दो पुरुष सहकर्मियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, युवती सोमवार रात अपने छह सहकर्मियों के साथ कैफे में पार्टी करने पहुंची थी। कैफे रात करीब 11:30 बजे बंद हो गया था, लेकिन पार्टी में शामिल एक व्यक्ति के पास कैफे की चाबी थी। उसने कैफे बंद होने के बाद दोबारा खोला और सभी लोग अंदर पार्टी करने लगे। इस दौरान सभी ने शराब पी। मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे सभी लोग कैफे से बाहर निकले।
दो सहकर्मियों पर दुष्कर्म का आरोप
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पार्टी के दौरान उसके दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने वहां मौजूद अन्य सहकर्मियों पर भी आरोपियों का साथ देने और घटना में सहयोग करने का आरोप लगाया है।
वहीं, ANI की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि कथित गैंगरेप की घटना मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे कैफे से बाहर निकलने के बाद हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मुंबई में 13 वर्षीय बच्ची से यौन उत्पीड़न का मामला
दूसरी ओर, मुंबई के विक्रोली इलाके में 13 वर्षीय बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
बच्ची की मां की शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर के पहले सप्ताह में कपड़े बेचने वाले एक व्यक्ति ने नाप लेने के बहाने बच्ची को घर के पास बुलाया और उसके साथ कथित तौर पर गलत हरकत की। आरोप है कि इसके बाद वह व्यक्ति बार-बार बच्ची का पीछा भी करने लगा।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


