Tuesday, November 24, 2026
Tuesday, November 24, 2026

‘हुनर पंजाब’ पोर्टल ने युवाओं के सपनों को दी उड़ान, बड़ी कंपनियों ने शुरू की भर्ती प्रक्रिया, महज 47 दिनों में 200 से अधिक आवेदन प्राप्त

Date:

चंडीगढ़, 23 नवंबर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से राज्य के युवाओं को रोज़गार के अवसरों से जोड़ने की पहल को बड़ी सफलता मिली है। इसका प्रमाण इस बात से मिलता है कि टाटा स्टील, कंसाई नेरोलैक, एल.टी. फूड्स और हैप्पी फोर्जिंग्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने पंजाब सरकार के ‘हुनर पंजाब’ पोर्टल के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस्पात एवं इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, पेंट एवं रसायन, निर्माण और आतिथ्य जैसे क्षेत्रों से संबंधित 1,100 से अधिक उद्योगों ने पंजाब के संस्थानों तक पहुंच बनाने के लिए ‘हुनर पंजाब’ पोर्टल का उपयोग किया है। इन उद्योगों ने आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को युवा उम्मीदवारों की भर्ती के संबंध में 200 से अधिक आवेदन भेजे हैं।

पोर्टल की इस प्रारंभिक सफलता के बारे में जानकारी साझा करते हुए पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने बताया कि युवाओं की भर्ती के लिए कैंपस प्लेसमेंट अभियान भी चलाए जा रहे हैं और विद्यार्थियों को नौकरी के प्रस्ताव मिलने शुरू हो गए हैं। इससे पंजाब के युवाओं को उनके घरों के नजदीक ही रोज़गार के अवसर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा 8 अक्टूबर को शुरू किया गया ‘हुनर’ (हब फॉर अपस्किलिंग, नेटवर्किंग एंड एक्सेस टू एम्प्लॉयमेंट) एक साझा डिजिटल मंच है, जिसे पंजाब के युवाओं को रोज़गार के अवसरों से जोड़ने और उद्योगों को कुशल तथा औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप काम करने के लिए तैयार युवाओं तक पहुंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

श्री अमन अरोड़ा ने बताया कि आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, मेडिकल एवं नर्सिंग संस्थानों और कौशल विकास केंद्रों सहित 1,700 से अधिक शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थान इस पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। इससे उद्योगों को संस्थानों के एक व्यापक नेटवर्क तक पहुंच मिली है। यह पोर्टल तेजी से युवाओं और उद्योगों के बीच एक सेतु के रूप में उभर रहा है। इस पोर्टल पर प्रतिष्ठित कंपनियों की मौजूदगी औद्योगिक आवश्यकताओं को पूरा करने और उद्योगों एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत बनाने में इस मंच की बढ़ती प्रासंगिकता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से कंपनियां शैक्षणिक संस्थानों में उपलब्ध पाठ्यक्रमों और विद्यार्थियों की संख्या के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकती हैं तथा संबंधित संस्थानों को अपनी भर्ती संबंधी आवश्यकताओं के बारे में सीधे आवेदन भेज सकती हैं। इससे जहां उद्योगों को योग्य प्रतिभाओं की पहचान करने में मदद मिलती है, वहीं संस्थानों को उद्योगों की वास्तविक मांग के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करने में भी सक्षम बनाया जा रहा है।

श्री अमन अरोड़ा ने कहा, “प्रमुख औद्योगिक कंपनियों की ओर से मिल रहा यह उत्साहजनक समर्थन पंजाब को कुशल श्रमशक्ति का केंद्र बनाने के हमारी सरकार के दृष्टिकोण की पुष्टि करता है। ‘हुनर’ केवल एक पोर्टल नहीं, बल्कि हमारे युवाओं की क्षमता को औद्योगिक आवश्यकताओं से जोड़ने वाला एक सेतु है। स्थापित कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों को एक ही मंच पर लाकर हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हमारे युवा केवल नौकरी तलाशने वाले ही न रहें, बल्कि भविष्य की कुशल और प्राथमिकता वाली कार्यशक्ति बनें। यह पहल रोज़गार और औद्योगिक विकास के प्रति हमारी सोच में एक बड़े बदलाव की गवाही देती है।”

श्री अरोड़ा ने बताया कि ‘हुनर’ को राज्य के निवेश सुविधा मंच ‘फास्टट्रैक पंजाब’ के साथ जोड़ा गया है। अब पंजाब की उद्योग-अनुकूल पहल केवल मंजूरियों, बुनियादी ढांचे और रियायतों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह कुशल श्रमशक्ति और प्रतिभाओं तक आसान पहुंच भी सुनिश्चित करेगी।

श्री अमन अरोड़ा ने बताया कि आने वाले दिनों में यह मंच उद्योगों और संस्थानों के बीच इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण और योजनाबद्ध साझेदारी की सुविधा भी प्रदान करेगा। इसमें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रमों में बदलाव, शिक्षकों का विकास, अतिथि व्याख्यान और तकनीकी सहयोग शामिल होंगे। उद्योगों को उनके कार्यस्थलों के नजदीक ही कुशल युवा उपलब्ध करवाने में मदद करके ‘हुनर’ मंच का उद्देश्य उनके समय की बचत और लागत कम करना, स्थानीय रोज़गार को प्रोत्साहित करना तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिनके माध्यम से ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है जहां निवेश से रोज़गार के अवसर पैदा हों, संस्थान औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करें और युवाओं को रोज़गार तक बेहतर पहुंच मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

अमृतसर में एक नाबालिग सहित तीन व्यक्ति काबू ; 17.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद

चंडीगढ़/अमृतसर, 23 नवंबर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों...

दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में IED ब्लास्ट का जिक्र

बेंगलुरु: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु...

पंजाब चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस का चुनावी बिगुल, आज चंडीगढ़ में PEC की पहली बैठक

चंडीगढ़: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर...

धीरेंद्र शास्त्री ने पंजाब सरकार की तारीफ की, बोले- हिंदू हितों की बात करने वाली हर पार्टी हमारे साथ

पठानकोट: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री...