जालंधर के गढ़ा रोड पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। देर रात करीब डेढ़ बजे हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी श्याम लाल की टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि गढ़ा रोड पर फायरिंग का आरोपी जालंधर कैंट के जमशेर खास इलाके में मौजूद है। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए मौके पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में कार्रवाई की गई। मामले की आगे जांच जारी है।


