नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) छह साल बाद फिर एक साथ आ गए हैं। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया।
अमित शाह ने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और चुनाव जीतने के बाद अकाली दल का नेता ही पंजाब का मुख्यमंत्री बनेगा। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
अमित शाह ने कहा कि गठबंधन की घोषणा में भले ही कुछ देरी हुई, लेकिन दोनों पार्टियां इसे लंबे समय तक चलाना चाहती थीं। इसके लिए संयुक्त रोडमैप तैयार किया गया है।
नशा मुक्त पंजाब और गैंगस्टरवाद खत्म करना प्राथमिकता
अमित शाह ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करना और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब से गैंगस्टरवाद खत्म करने के लिए काम किया जाएगा।
करतारपुर कॉरिडोर के मुद्दे पर शाह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे बंद किया गया था। स्थिति सामान्य होने पर कॉरिडोर दोबारा खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार भी इसे फिर से शुरू होते देखना चाहती है।
मोगा में होगी रैली, PM मोदी भी पहुंचेंगे
अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उनका लक्ष्य पंजाब को फिर से प्रगतिशील राज्य बनाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में पंजाब को काफी नुकसान हुआ है।
बादल ने कहा कि पंजाब के जवानों ने हमेशा देश के लिए बलिदान दिया है। अमित शाह ने पंजाब को फिर से उसके गौरवशाली दौर में ले जाने का भरोसा दिया है।
उन्होंने बताया कि मोगा में अकाली दल की रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
2020 में टूट गया था 24 साल पुराना गठबंधन
भाजपा और अकाली दल के बीच 1996 में गठबंधन हुआ था। दोनों पार्टियों ने मिलकर 1997, 2007 और 2012 में पंजाब में सरकार बनाई थी।
सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद बढ़ गए थे। इसके बाद अकाली दल ने NDA से अपना गठबंधन तोड़ लिया था।
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 3 और भाजपा को केवल 2 सीटें मिली थीं। अब छह साल बाद दोनों पार्टियां फिर से राजनीतिक साझेदारी में लौट आई हैं।


