पठानकोट: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पंजाब सरकार की तारीफ करते हुए कहा है कि जो भी पार्टी हिंदू हितों और सनातन संस्कृति की बात करेगी, वे उसके साथ हैं। वह पठानकोट में आयोजित तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे।
धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक दल के प्रचारक नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के प्रचारक हैं। उन्होंने कहा कि भारत में ऐसी कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है, जिसमें हिंदू न हों। सभी पार्टियों में हिंदू मौजूद हैं और वह सबके साथ हैं, क्योंकि सनातन संस्कृति ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश देती है।
पंजाब सरकार के इन फैसलों की सराहना
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि पंजाब सरकार के मंत्रियों ने उन्हें जानकारी दी है कि राज्य की सभी गौशालाओं के बिजली बिल माफ किए गए हैं। इसके अलावा पटियाला में काली माता का भव्य मंदिर बनवाया गया है और पहली बार पंजाब में हिंदू नववर्ष की शुरुआत करवाई गई है।
इन कार्यों पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के हित में काम करने वाली हर सरकार प्रशंसा की पात्र है।
गुरु किसी एक का नहीं, सबका होता है
धीरेंद्र शास्त्री ने गुरु की भूमिका पर बोलते हुए कहा कि गुरु किसी एक व्यक्ति या वर्ग का नहीं होता, बल्कि सभी का होता है। जिस तरह सूर्य, चंद्रमा और गंगा सभी के लिए हैं, उसी तरह गुरु भी सबका होता है।
बोले- भारत में राम बसता है और राम में भारत
शास्त्री ने कहा कि सनातन संस्कृति सुरक्षित रहेगी, तभी देश की परंपराएं भी जीवंत रहेंगी। भारत में राम बसता है और राम में भारत बसता है।
इसके साथ ही उन्होंने 17 दिसंबर को चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले ‘गौ सम्मान आवाहन अभियान’ को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि गाय की रक्षा से ही राष्ट्र, धर्म और सनातन संस्कृति की रक्षा संभव है।


