Monday, November 23, 2026
Monday, November 23, 2026

PM मोदी ने नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये की मदद का किया ऐलान, बालेन शाह के साथ रिश्तों को मजबूत करने पर जोर

Date:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये की सहायता का ऐलान किया। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत के पहले द्विपक्षीय दौरे के दौरान दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने इस दौरे को दोनों देशों की गहरी दोस्ती और साझा विरासत का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता के प्रतीक हैं।

2018 में अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए मोदी ने कहा, “नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।” उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव है।

वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भी दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के नागरिक एक-दूसरे के साथ गहराई से जुड़े हुए हैं।

भारत-नेपाल के बीच 200 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता खत्म

भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दिल्ली से बटन दबाकर काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया।

यह पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला को नेपाल के दार्चुला से जोड़ेगा। इसके शुरू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों के लोगों की आवाजाही आसान होगी।

अब तक एक-दूसरे के यहां पहुंचने के लिए लोगों को करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता था। पुल के चालू होने से इस परेशानी से राहत मिलेगी और सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पुल के शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

पुल के उद्घाटन के अवसर पर छारछुम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। रं समाज के लोगों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर इस मौके का जश्न मनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related