उत्तर प्रदेश–उत्तर प्रदेश में रसोई गैस (LPG) की किल्लत हो गई है। बुकिंग के 4 से 5 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। बुधवार को दूसरे दिन भी गैस एजेंसियों के बाहर लाइनें लगी रहीं। गोरखपुर और सिद्धार्थनगर में पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर बांटे जा रहे हैं। कई जगह गैस एजेंसियों पर तड़के 3 बजे से ही लोग सिलेंडर लेकर पहुंच गए। लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। वजह- सिलेंडर कम हैं और लेने वालों की संख्या ज्यादा।
गोरखपुर में लाइन के बीच एक युवक सिलेंडर लेकर घुसने लगा। इसका दूसरे युवक ने विरोध किया, तो दोनों के बीच मारपीट हो गई। पुलिसकर्मियों के सामने ही दोनों ने एक-दूसरे को लात-घूंसे मारे। बाद में पुलिस ने दोनों को पकड़कर ले गई।
इधर, सीएम योगी ने सख्त आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि गैस और तेल की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गैस की किल्लत को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी जिलों के डीएम और एसपी को निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।


