Wednesday, November 11, 2026
Wednesday, November 11, 2026

34 साल पुराने अपहरण मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व SSP दोषी करार, 12 नवंबर को होगा सजा का ऐलान

Date:

मोहाली: पंजाब में पुलिस हिरासत से लोगों के लापता होने के पुराने मामलों में मोहाली की विशेष CBI अदालत ने एक अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने 1992 में लुधियाना के ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी के अपहरण और लापता होने के मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी करार दिया है। वहीं, उनके सुरक्षा गार्ड परमिंदरजीत सिंह को सबूतों के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया। दोषी पूर्व SSP को 12 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी।

दरअसल, 25 नवंबर 1992 को अमरीक सिंह सकरी अपने साले की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए लुधियाना के होटल अमलतास पहुंचे थे। इसी दौरान तरनतारन पुलिस की एक टीम उन्हें अपने साथ ले गई। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। CBI जांच के अनुसार, अमरीक सिंह को हिरासत में लिए जाने की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को टेलीग्राम के माध्यम से दी गई थी। उनकी रिहाई के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की थी याचिका

अमरीक सिंह का पता नहीं चलने पर उनकी पत्नी ने 1996 में सुप्रीम कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण यानी हैबियस कॉर्पस याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने अदालत को बताया कि अमरीक सिंह की मौत हो चुकी है। सरकार की ओर से उनके भोग से संबंधित विज्ञापन भी रिकॉर्ड पर पेश किए गए, लेकिन परिवार ने इस दावे को स्वीकार नहीं किया।

इसी दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब पुलिस द्वारा बड़ी संख्या में अज्ञात और लावारिस शवों का अंतिम संस्कार किए जाने के मामलों की CBI जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद अमरीक सिंह के लापता होने का मामला भी CBI को सौंप दिया गया।

2000 में दर्ज हुआ था नियमित केस

CBI ने जनवरी 1999 में मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की थी। इसके बाद फरवरी 2000 में अपहरण, गैरकानूनी हिरासत, सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर और आपराधिक साजिश के आरोपों में नियमित मामला दर्ज किया गया।

साल 2001 में CBI ने तत्कालीन DSP गुरमीत सिंह, थाना खालड़ा के तत्कालीन SHO इंस्पेक्टर सूबा सिंह, SI सुरिंदर सिंह, कांस्टेबल परमिंदरजीत सिंह उर्फ बब्बू और ASI जसवंत सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट में तत्कालीन SSP अजीत सिंह संधू को अपहरण की साजिश का मुख्य आरोपी बताया गया था, लेकिन जांच के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

देरी से शुरू हुआ ट्रायल, 47 में से 16 गवाहों की गवाही

आरोपियों के खिलाफ साल 2000 में आरोप तय कर दिए गए थे, लेकिन पुलिस अधिकारियों की याचिकाओं के चलते उच्च अदालतों के आदेश पर ट्रायल पर रोक लगी रही। आखिरकार 2022 में सुनवाई शुरू हो सकी।

CBI ने मामले में कुल 47 गवाहों की सूची दी थी, लेकिन लंबी कानूनी प्रक्रिया और सुनवाई में देरी के कारण केवल 16 गवाहों की ही गवाही दर्ज हो पाई। बाकी गवाहों में से अधिकांश की मौत हो चुकी थी। अब विशेष CBI अदालत ने पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी ठहराया है और 12 नवंबर को उनकी सजा पर फैसला सुनाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

CM भगवंत मान 16 नवंबर को पट्टी के गांव सभरा पहुंचेंगे, लोक मिलनी और रैली में होंगे शामिल

तरनतारन: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 16 नवंबर को...

पंजाब में इस साल पराली जलाने के मामलों में करीब 95 फीसदी की कमी — अमन अरोड़ा

भाजपा पंजाब से नफरत करती है, इसीलिए वैज्ञानिक...