बीजेपीलुधियाना–पंजाब में आई बाढ़ के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। जिसके बाद वह प्रदेश के मंत्रियों और भाजपा स्टेट लीडरशिप से मिले। प्रधानमंत्री ने 1600 करोड़ का राहत पैकेज देने का ऐलान किया। लेकिन प्रदेश की AAP सरकार का कहना है कि बाढ़ से आई तबाही के लिए ये पैकेज बहुत कम है।
लगातार भाजपा की प्रदेश लीडरशिप प्रधानमंत्री द्वारा दिए पैकेज को लेकर वाहवाही बटोरने में जुटी है। इन सब के बीच अब पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड) का डेटा जारी करके भाजपा को घेरा है। वित्त मंत्री के मुताबिक अप्रैल 2022 से पंजाब को केंद्र से सिर्फ 1582 करोड़ रुपए मिले, जिसमें से पंजाब सरकार ने आपदा राहत पर 649 करोड़ खर्च किए है।
2022-23 में 208 करोड़ प्राप्त हुए, जिनमें से 61 करोड़ खर्च हुए। इसी तरह 2023-24 में 645 करोड़ प्राप्त हुए, जिसमें से 420 करोड़ खर्च हुए। 2024-25 में 488 करोड़ प्राप्त हुए और 27 करोड़ खर्च हुए और अब 2025-26 में 241 करोड़ प्राप्त हुए जिसमें से 140 करोड़ खर्च हुए है।


