पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह पार्टी में कथित तौर पर लगातार हो रही अपनी अनदेखी से नाराज हैं। उन्होंने भाजपा की कार्यशैली और संगठन में फैसले लेने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में पुराने नेताओं और अपने स्थापित चेहरों को ही प्राथमिकता दी जाती है। कैप्टन ने अपनी नाराजगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी जाहिर की है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुताबिक, भाजपा में शामिल हुए उन्हें करीब पांच साल हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान न तो दिल्ली में और न ही पंजाब में किसी नेता ने उनसे राज्य की राजनीति को लेकर कोई गंभीर चर्चा की है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने सीधे सवाल किया कि क्या पंजाब में पार्टी को उनकी जरूरत है या नहीं?
कैप्टन ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा, ”साहब, क्या पंजाब में मेरी कोई जरूरत है?” इस पर प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि उनका क्या मतलब है। जवाब में कैप्टन ने कहा कि भाजपा में आए हुए पांच साल हो गए हैं, लेकिन अब तक पंजाब में उनकी सेवाओं की जरूरत महसूस नहीं की गई।
‘भाजपा एक एक्सक्लूसिव पार्टी, पुराने नेताओं को ही मिलता है मौका’
भाजपा की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए कैप्टन ने कहा कि यह एक सीमित दायरे में काम करने वाली यानी एक्सक्लूसिव पार्टी है। इसमें पार्टी के पुराने नेताओं और अपने लोगों पर ही अधिक भरोसा किया जाता है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के लिए समय मिलना भी काफी मुश्किल है और कई बार साल में केवल एक बार ही मुलाकात हो पाती है।
कैप्टन ने अपने छह दशक लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें पंजाब की राजनीति में करीब 60 साल का अनुभव है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी पंजाब के कामकाज के लिए तेलंगाना जैसे दूसरे राज्यों से नेताओं को भेज देती है, लेकिन पंजाब की राजनीति और यहां के हालात को अच्छी तरह समझने वाले नेताओं के लिए समय नहीं निकालती।
सर्जरी के बाद अब पूरी तरह फिट, फिर भी नहीं मिली जिम्मेदारी
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय में उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पहले उनकी कमर की सर्जरी हुई और उसके बाद घुटना भी बदलवाना पड़ा। इन उपचारों के कारण उन्हें सक्रिय राजनीति से कुछ समय दूर रहना पड़ा।
उन्होंने कहा कि अब वह फिट हैं और दोबारा सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके बावजूद पार्टी में उनकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।
PM मोदी के जवाब से संतुष्ट नहीं दिखे कैप्टन
प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत का जिक्र करते हुए कैप्टन ने बताया कि उनके सवाल पर पीएम ने कहा कि पार्टी इस मामले को देख रही है। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि पांच साल से यही देखा जा रहा है और पांच साल कोई छोटा समय नहीं होता।
कैप्टन ने बताया कि प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद उन्हें भाजपा के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया का फोन आया। पूनिया ने उन्हें बताया कि वह चंडीगढ़ आ रहे हैं और वहां उनसे मुलाकात करेंगे। अब इस घटनाक्रम के बाद पंजाब भाजपा में कैप्टन अमरिंदर सिंह की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो सकती हैं।


