जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में मंगलवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। जैश-ए-मोहम्मद के एक आंतकि को गोली लगी। दो आतंकवादी गुफा में छिपे है।
सेना की व्हाइट नाइट कोर के तहत CIF डेल्टा, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बसंतगढ़ इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
PTI के मुताबिक, रामनगर के जाफर जंगल इलाके में छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी। करीब एक घंटे तक चली मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को गोली लगी, लेकिन वह अपने साथी के साथ गुफा के अंदर चला गया।
मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर गुफा से बाहर निकलने की कोशिश की। इस दौरान फिर से फायरिंग हुई और तेज धमाकों की आवाज सुनी गई। इसके बाद अतिरिक्त सुरक्षाबलों को इलाके में भेजा गया और घेराबंदी और कड़ी कर दी गई।
ऑपरेशन ‘किया’ शुरू किया गया
व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इंटेलिजेंस आधारित संयुक्त ऑपरेशन के तहत CIF डेल्टा के जवानों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF के साथ मिलकर उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके में ऑपरेशन ‘किया’ शुरू किया है। इलाके में घेराबंदी कर दी गई है और मुठभेड़ जारी है।


