उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। हादसा रिखणीखाल ब्लॉक में सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास हुआ, जहां एक ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले थे। वे बैंणी-भुली योजना के फॉर्म भरने के बाद सिद्धखाल से अपने गांव भगलवाण लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। हादसे में 8 लोगों की मौत हुई और 4 घायल हुए। सभी शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर किया गया है।
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। वहीं, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है।
इस तरह मृतकों के परिजनों को कुल 6 लाख रुपये और घायलों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।


