पंजाब की मोगा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली और चंडीगढ़ से पहुंची ED की अलग-अलग टीमों ने मोगा स्थित उनके आवास और मोगा-लुधियाना रोड पर बने आइकन फ्लैट्स में तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर CRPF के जवानों ने पूरे इलाके को घेर रखा है। बताया जा रहा है कि पंजाब पुलिस के जवानों को भी कार्रवाई वाले परिसर से बाहर रखा गया। मोगा में तलाशी के बाद ED की टीमें लुधियाना पहुंचीं, जहां विधायक के ननिहाल में भी जांच की गई।
सूत्रों के अनुसार, खन्ना में भी ED की टीम ने एक स्थान पर जांच के दौरान परिवार के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिए हैं। टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी तक ED की ओर से इस पूरी कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी या छापेमारी का कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को तीन दिन पहले ही आम आदमी पार्टी ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए दोबारा उम्मीदवार घोषित किया था। वह पंजाब में पार्टी की महिला विंग की अध्यक्ष भी हैं।
उधर, ED की कार्रवाई की खबर फैलते ही विधायक के समर्थक उनके मोगा स्थित आवास के बाहर एकत्र हो गए और जांच एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस बीच मोगा के सीनियर डिप्टी मेयर काला बजाज और शहरी प्रधान प्रेम चंद चक्कीवाला ने आरोप लगाया कि विधायक पर भाजपा में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस संबंध में ED या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और छापेमारी के पीछे की वजह को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


