पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय शीत लहर चल रही है। राज्य के 8 जिलों में आज शीत लहर का यलो अलर्ट है। वहीं, इस वजह से रात का तापमान भी गिर रहा है। गत 24 घंटों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 0.2°C की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है।
सबसे कम तापमान पंजाब में आदमपुर में दर्ज किया गया है। यहां तापमान 2.8°C रहा, जबकि बठिंडा में अधिकतम 28.3°C तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, गुरुवार को भी शीत लहर का अलर्ट है। हालांकि चंडीगढ़ प्रशासन ने लोगों को पहले ही सर्दी से बचने की एडवाइजरी जारी की हुई है। इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय के पास बना हुआ है।
इस वजह से हवाओं में हल्का सा बदलाव बना हुआ है। फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, फरीदकोट, जालंधर, मोगा, मानसा और फिरोजपुर में शीत लहर चलेगी। इस बदलते मौसम में वाहन चालकों को भी अलर्ट रहना होगा। आज और 12 दिसंबर को दिल्ली-अंबाला हाईवे और अंबाला अमृतसर हाईवे पर किसी तरह के बादल नहीं होंगे। हालांकि 11 दिसंबर को हलके बादल छाए रहेंगे।
जिलों का न्यूनतम तापमान 10°C से कम मौसम विभाग के अनुसार पटियाला को छोड़कर सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया है। हिमाचल से आ रही हवाएं मौसम को प्रभावित कर रही हैं। इस वजह से रोपड़ (Ropar) का न्यूनतम तापमान 3.6°C दर्ज किया गया है। इसी तरह चंडीगढ़ का तापमान 8.6°C दर्ज किया गया; इसमें 0.3°C की गिरावट आई है। जबकि अमृतसर में 6.1°C, लुधियाना 9.2°C, पठानकोट 5.6°C, बठिंडा 5.8°C, गुरदासपुर 3.8°C, शहीद भगत सिंह नगर 6.9°C, फरीदकोट 6.8°C और फिरोजपुर 7.9°C तापमान दर्ज किया गया है।


