देहरादून2—देहरादून में हिमाचल प्रदेश की हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) बस 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे 4 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 32 से ज्यादा लोग घायल है, जिनमें से 12 की हालत गंभीर है। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
हादसे के बाद राहगीरों और ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल विकासनगर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले में हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देहरादून के अधिकारियों को फोन कर घायलों की जानकारी ली। वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने डीएम सविन बंसल को फोन कर नजदीकी अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए।
SDRF के अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि हादसा देहरादून के त्यूणी क्षेत्र में हुआ। सुबह करीब 10 बजे हिमाचल प्रदेश के नेरवा-चौपाल से पांवटा साहिब जा रही HRTC की बस हरिपुर-क्वानू मीनस मार्ग पर क्वानू के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। SDRF की टीमें पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से तत्काल घटनास्थल के लिए भेजी गई।


