नई दिल्ली—-संसद के दोनों सदनों में आज अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर चर्चा की मांग की गई। लोकसभा में विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। बजट सत्र के पांचवें दिन लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई और 8 मिनट ही चली। सदन 12 बजे तक स्थगित किया गया।
दूसरी बार भी सदन की कार्यवाही केवल 13 मिनट ही चल सकी। स्पीकर ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित की है। लोकसभा स्पीकर ने विपक्षी सांसदों से कहा- नारेबाजी गलत है, नियमों के खिलाफ है। इसके बावजूद विपक्ष लगातार हंगामा करता रहा।
राज्यसभा में विपक्ष ने ट्रेड डील पर चर्चा की मांग को लेकर सदन का वॉकआउट किया। विपक्ष ने भारत में आने वाले अमेरिकी कृषि उत्पादों पर इंपोर्ट ड्यूटी को घटाकर शून्य करने पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि अगर ऐसा हुआ तो देश के किसानों को नुकसान होगा।
विपक्षी सांसदों ने सदन के बाहर भी ट्रेड डील को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। सूत्रों के मुताबिक, हंगामे को लेकर स्पीकर ओम बिरला ने कांग्रेस और भाजपा सांसदों के साथ बैठक की है। ताकि सदन बिना हंगामा के चलाया जा सके।


