भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बुधवार को जालंधर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जालंधर से पार्टी की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी और 3 दिसंबर को काशी में संपन्न होगी।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता के संदेश को देशभर में जन-जन तक पहुंचाना है।
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पूरा कार्यक्रम
दोपहर 1:10 बजे डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नबीन दोपहर 1:10 बजे जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे। यहां वह संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर में माथा टेकेंगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।
इसके बाद दोपहर 1:35 बजे वह जालंधर-पठानकोट जीटी रोड पर डेरा सचखंड बल्लां के नजदीक स्थित गांव रायपुर पहुंचेंगे। यहां वह BJP की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर वह उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
संत समाज के साथ करेंगे सहभोज और संवाद
दोपहर 2:55 बजे नितिन नबीन गांव रायपुर में संत समाज के साथ सहभोज करेंगे। इसके बाद वह संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को सालभर चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मना रही है।
देशभर में निकाली जा चुकी हैं करीब 29 हजार कलश वंदना यात्राएं
इस अभियान के तहत देशभर में अब तक लगभग 29,000 ‘कलश वंदना यात्राएं’ निकाली जा चुकी हैं। इसके अलावा 30,000 से अधिक संतों से संपर्क किया गया है। सामाजिक समरसता और समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगभग 51,000 स्थानों पर ‘समरस दीप महोत्सव’ भी आयोजित किए जा चुके हैं।
18 नवंबर से शुरू होगी 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा
इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक ‘समरसता संकल्प यात्रा’ निकाली जा रही है। जालंधर से शुरू होने वाली यह यात्रा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन 3 दिसंबर को काशी में होगा।


