Thursday, November 19, 2026
Thursday, November 19, 2026

2050 तक दुनिया में 2.76 अरब हो सकती है मुस्लिम आबादी, 2070 तक पाकिस्तान बनेगा सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश: प्यू रिसर्च रिपोर्ट

Date:

अमेरिका के प्रतिष्ठित प्यू रिसर्च सेंटर की नई रिपोर्ट में दुनिया की धार्मिक आबादी में आने वाले दशकों में होने वाले बदलावों का अनुमान लगाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2050 तक दुनिया की कुल आबादी बढ़कर 9.30 अरब हो सकती है, जबकि 2010 में यह करीब 6.90 अरब थी।

रिपोर्ट के अनुसार, 2010 की तुलना में 2050 तक मुस्लिम आबादी में करीब 73 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। इसके साथ ही मुसलमानों की संख्या 1.6 अरब से बढ़कर लगभग 2.76 अरब हो सकती है।

भारत में भी धार्मिक आबादी के अनुपात में बदलाव देखने को मिल सकता है। 2020 से 2050 के बीच देश में हिंदुओं की आबादी में करीब 17.6 करोड़ की वृद्धि होने का अनुमान है। हालांकि, कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी में मामूली गिरावट आ सकती है। इसके बावजूद 2070 तक हिंदू भारत की कुल आबादी के तीन-चौथाई से अधिक बने रह सकते हैं। वहीं, अमेरिका में हिंदुओं की आबादी दोगुनी होने का अनुमान है।

भारत में मुस्लिम आबादी का अनुपात बढ़ने का अनुमान

प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक, पिछले कुछ दशकों में भारत की कुल प्रजनन दर में गिरावट आई है। हालांकि, मुस्लिम महिलाओं में औसतन बच्चों की संख्या हिंदू महिलाओं की तुलना में अधिक है।

इसके अलावा भारत में मुस्लिम आबादी का आयु वर्ग भी अपेक्षाकृत युवा है। प्रजनन दर और युवा आबादी इन दोनों कारकों के चलते आने वाले दशकों में देश की कुल आबादी में मुस्लिमों का अनुपात बढ़ सकता है, जबकि हिंदुओं की हिस्सेदारी में मामूली कमी आने का अनुमान है।

2035 तक इस्लाम बन सकता है दुनिया का सबसे बड़ा धर्म

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। फिलहाल दुनिया में करीब 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लिम हैं।

अनुमानों के मुताबिक, 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या करीब 2.52 अरब रहने का अनुमान है।

प्यू की रिपोर्ट के अनुसार, मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर दुनिया में सबसे अधिक है। 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं में प्रति महिला औसतन 3.1 बच्चों का अनुमान है। वहीं, ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 और अन्य धर्मों में 1.6 रहा।

रिपोर्ट में यह भी अनुमान लगाया गया है कि 2070 तक दुनिया में मुस्लिम आबादी 3.6 अरब से अधिक हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या 3 अरब से कम रहने की संभावना है।

अमेरिका में 90 लाख तक पहुंच सकती है हिंदू आबादी

अमेरिका में हिंदुओं की आबादी में भी बड़ी वृद्धि का अनुमान है। वर्ष 2020 में अमेरिका में करीब 40 लाख हिंदू रहते थे। यह संख्या 2070 तक बढ़कर लगभग 90 लाख हो सकती है।

इसके साथ ही अमेरिका की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 1 प्रतिशत से बढ़कर 2 प्रतिशत होने का अनुमान है।

हालांकि, अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र में हिंदुओं की कुल संख्या में गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

2070 तक पाकिस्तान में होंगे दुनिया के सबसे ज्यादा मुस्लिम

प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान के मुताबिक, यदि मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहते हैं तो 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। इस सूची में भारत दूसरे, नाइजीरिया तीसरे और इंडोनेशिया चौथे स्थान पर रह सकता है।

फिलहाल दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी इंडोनेशिया में रहती है। हालांकि, आने वाले दशकों में जनसंख्या वृद्धि के चलते पाकिस्तान इस मामले में इंडोनेशिया को पीछे छोड़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related