पंजाब में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 6 बजे पटियाला-संगरूर नेशनल हाईवे पर भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक टूट गया। हादसे के समय पुल से दो ट्रक गुजर रहे थे। पुल का एक हिस्सा धंसते ही दोनों ट्रक टूटे हुए हिस्से में फंसकर नहर के ऊपर लटक गए। इस दौरान एक ट्रक में आग भी लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दोनों ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद नहर का पानी पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के ऊपर से बहने लगा।
ट्रैफिक डायवर्ट, मौके पर पहुंची NHAI की टीम
पुल टूटने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर यातायात बंद कर दिया। वाहनों को पटियाला शहर की तरफ डायवर्ट किया गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है।
NHAI के अनुसार, इस पुल का निर्माण पंजाब लोक निर्माण विभाग (PWD) ने करवाया था और यह 2017-18 में बनकर तैयार हुआ था। उस समय पंजाब में अकाली दल और भाजपा गठबंधन की सरकार थी। पुल टूटने से सरकारी विभाग को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
AAP नेताओं ने की जांच की मांग, टोल वसूली रोकने की अपील
आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रवक्ता बलतेज पन्नू और नील गर्ग ने पुल टूटने की घटना पर चिंता जताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक टोल वसूली पर रोक लगाई जानी चाहिए।
हादसे के ढाई घंटे बाद पहुंचीं प्रशासनिक टीमें
जानकारी के मुताबिक, हादसे के करीब ढाई घंटे बाद सुबह साढ़े 8 बजे प्रशासनिक टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद पुल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
पुल की हालत और बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर मिट्टी मंगवाई गई है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त हिस्से को हरे कपड़े से ढका जा रहा है। पुल के साथ बनी सड़क भी धंसने लगी है, जिससे स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है।


