पटियाला: पंजाब के राजपुरा के नजदीकी गांव गद्दोमाजरा के रहने वाले 24 वर्षीय सेना के जवान हरमन नूरी की जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। जवान की मौत की सूचना मंगलवार शाम करीब 4 बजे सेना की ओर से उसके परिजनों को दी गई। इस खबर के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, हरमन नूरी पुत्र जसवीर सिंह करीब तीन साल पहले अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुआ था। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उसकी तैनाती यूनिट 20 पंजाब के तहत जम्मू में हुई थी। वह वहीं रहकर देश की सेवा कर रहा था।
गांव के सरपंच ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 4 बजे सेना के कार्यालय से परिवार को फोन आया। इस दौरान उन्हें हरमन नूरी की ड्यूटी के दौरान मौत होने की जानकारी दी गई। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि सेना के अधिकारी जवान के पार्थिव शरीर को लेकर गांव पहुंच रहे हैं। यहां पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल हरमन नूरी की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


