पंजाब सरकार के निर्देशों पर अमृतसर विकास प्राधिकरण (एडीए) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नई अनधिकृत कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई एडीए के मुख्य प्रशासक नितेश कुमार जैन (आईएएस) और अतिरिक्त मुख्य प्रशासक इनायत (पीसीएस) के निर्देशों पर थाना कंबो पुलिस की मौजूदगी में की गई।
एडीए की टीम ने गांव कंबो (रामतीर्थ रोड), गांव खैराबाद (मीरांकोट चौक–रामतीर्थ रोड) और गांव दालम (अजनाला रोड) में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों में बने निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
जिला टाउन प्लानर के अनुसार कॉलोनी डेवलपर्स को पापरा एक्ट-1995 के तहत पहले ही नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे। नोटिसों की अनदेखी किए जाने के बाद 3 जुलाई 2026 को ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए और अब कार्रवाई को अमल में लाया गया।
एडीए ने बताया कि गांव कंबो और गांव दालम में इससे पहले भी अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन दोबारा निर्माण शुरू होने पर फिर से बुलडोजर चलाया गया। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


