चंडीगढ़ PGI के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के प्रोफेसर डॉ. सोनू गोयल ने बोतलबंद पानी की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण चेतावनी दी है। उनका कहना है कि बोतल में बंद पानी देखने में बिल्कुल साफ हो, उसका स्वाद सामान्य हो और उसमें किसी तरह की गंध भी न आए, फिर भी उसमें स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक केमिकल मौजूद हो सकते हैं।
डॉ. गोयल के मुताबिक, बोतलबंद पानी में ब्रोमेट और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) जैसे हानिकारक रसायन हो सकते हैं। लंबे समय तक इनका सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा होना खतरनाक
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार, पीने के पानी में ब्रोमेट की अधिकतम स्वीकार्य सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर निर्धारित की गई है। पानी को कीटाणुरहित करने के लिए कई बार ओजोन गैस का इस्तेमाल किया जाता है। इस प्रक्रिया के दौरान पानी में प्राकृतिक रूप से मौजूद ब्रोमाइड की ओजोन के साथ रासायनिक प्रतिक्रिया होने से ब्रोमेट बन सकता है।
एक बार पानी में ब्रोमेट बनने के बाद उसे हटाना काफी मुश्किल होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, ओजोन से उपचारित पानी में ब्रोमेट की मात्रा 2 से 293 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तक दर्ज की गई है।
पुरानी पाइपलाइनों से भी पहुंच सकते हैं खतरनाक केमिकल
PAH यानी पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन कई तरह के रसायनों का समूह है। ये कोयला, तेल और लकड़ी के अधूरे दहन, औद्योगिक प्रदूषण और पुरानी पानी की पाइपलाइनों में इस्तेमाल की गई कोलतार की परत से पानी में पहुंच सकते हैं।
इस तरह पानी की गुणवत्ता पर केवल उसकी बाहरी सफाई के आधार पर भरोसा करना सही नहीं है।
कैंसर का खतरा, इन लोगों को विशेष सावधानी की जरूरत
PAH समूह में शामिल बेंजो-पाइरीन को अंतरराष्ट्रीय कैंसर अनुसंधान एजेंसी (IARC) ने कैंसरकारी पदार्थ के रूप में वर्गीकृत किया है। वहीं, ब्रोमेट को संभावित कैंसरकारी रसायन माना गया है।
बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किडनी के मरीजों को पानी की गुणवत्ता को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लंबे समय तक ऐसे रसायनों के संपर्क में रहना स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकता है।
पानी उबालने से भी नहीं निकलते ये केमिकल
विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रोमेट और PAH जैसे रसायनों की सबसे बड़ी समस्या यह है कि इनकी मौजूदगी से पानी का रंग, स्वाद और गंध नहीं बदलते। इसलिए सिर्फ पानी को देखकर या चखकर उसकी शुद्धता का पता नहीं लगाया जा सकता।
पानी उबालने से बैक्टीरिया और कई अन्य रोगाणु नष्ट हो सकते हैं, लेकिन उसमें घुले रासायनिक प्रदूषक पूरी तरह खत्म नहीं होते। इनकी मौजूदगी का पता लगाने के लिए विशेष प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिक जांच करवाना जरूरी है।


