केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों के परिसीमन को लेकर नया बिल लाने की तैयारी में है। प्रस्तावित परिसीमन के बाद पंजाब की राजनीतिक तस्वीर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके तहत राज्य में लोकसभा की सीटें 13 से बढ़कर 20 और विधानसभा की सीटें 117 से बढ़कर 176 होने का दावा किया जा रहा है। यानी पंजाब को 7 नए सांसद और 59 अतिरिक्त विधायक मिल सकते हैं। वहीं, चंडीगढ़ में लोकसभा सांसदों की संख्या भी एक से बढ़कर दो हो सकती है।
बताया जा रहा है कि परिसीमन के लिए 50 प्रतिशत के फार्मूले को आधार बनाया जा रहा है। परिसीमन बिल के साथ केंद्र सरकार महिला आरक्षण बिल भी लाने की तैयारी में है। इसके लागू होने पर पंजाब विधानसभा में महिलाओं के लिए कम से कम 59 सीटें आरक्षित हो सकती हैं। वहीं, लोकसभा में पंजाब से महिला सांसदों की संख्या 6 से 7 तक पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है।
मालवा को मिल सकता है सबसे ज्यादा फायदा
पंजाब का मालवा क्षेत्र विधानसभा और लोकसभा सीटों के लिहाज से सबसे बड़ा क्षेत्र है। फिलहाल यहां 8 लोकसभा क्षेत्र और 69 विधानसभा सीटें हैं। इनमें लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, आनंदपुर साहिब, पटियाला, संगरूर, बठिंडा, फिरोजपुर और फरीदकोट शामिल हैं।
नई सीटों के गठन में मालवा क्षेत्र की हिस्सेदारी अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है। लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, संगरूर और फिरोजपुर जैसे बड़े जिलों में आबादी के अनुपात के आधार पर नए विधानसभा हलके बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा नई लोकसभा सीटों के गठन की भी संभावना है।
माझा में भी बढ़ सकता है राजनीतिक प्रतिनिधित्व
माझा क्षेत्र में फिलहाल गुरदासपुर, अमृतसर और खडूर साहिब सहित 3 लोकसभा सीटें और 25 विधानसभा सीटें हैं। परिसीमन के बाद यहां की शहरी और कस्बाई आबादी को ध्यान में रखते हुए नए विधानसभा हलकों का गठन किया जा सकता है। इससे माझा क्षेत्र का विधानसभा और लोकसभा में प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है।
दोआबा में भी बन सकते हैं नए विधानसभा हलके
दोआबा क्षेत्र में वर्तमान में जालंधर और होशियारपुर सहित 2 लोकसभा सीटें तथा 23 विधानसभा सीटें हैं। परिसीमन के दौरान जनसंख्या और मतदाताओं की संख्या के आधार पर यहां भी नए विधानसभा हलके बनाए जा सकते हैं। इससे दोआबा की राजनीतिक हिस्सेदारी में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
इस तरह प्रस्तावित परिसीमन पंजाब के तीनों प्रमुख क्षेत्रों मालवा, माझा और दोआबा के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, सीटों की वास्तविक संख्या और उनका क्षेत्रवार बंटवारा परिसीमन की आधिकारिक प्रक्रिया और अंतिम अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगा।


