लुधियाना—लुधियाना के भामियां इलाके में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। माचिस से खेलने के दौरान लगी आग में 1 साल के मासूम अर्जुन की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 10 बजे के आसपास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, अर्जुन के माता-पिता के बीच रात को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुबह भी तनाव जारी रहा। अर्जुन की मां रीना देवी ने बताया कि सुबह उनके पति घर से बिना खाना खाए चले गए थे। पति को मनाने और खाना देने के लिए रीना देवी फैक्ट्री चली गईं।
माचिस की चिंगारी से कंबल में लगी आग
इसी दौरान घर में मौजूद बाकी 8 बच्चों में से कुछ बच्चे माचिस से खेल रहे थे। तभी माचिस की चिंगारी कंबल में लिपटे सबसे छोटे बच्चे अर्जुन पर जा गिरी और आग भड़क उठी। अर्जुन की मां ने बताया कि वह वापस लौट रही थीं तभी दूर से घर से उठती आग की लपटें दिखाई दीं। जब वह दौड़कर घर पहुंचीं तो अर्जुन आग से झुलस चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पिता भी तुरंत घर पहुंचे। उन्होंने बच्चे को उठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 1 साल के अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि बच्चे घर में माचिस से खेल रहे थे, इसी कारण यह हादसा हुआ।


