दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को धमकी देने के मामले में पंजाब पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा को गिरफ्तार किया है। शनिवार (14 नवंबर) को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी के भाई तिलकराज के मुताबिक, शुक्रवार (12 नवंबर) को पंजाब पुलिस कोमल को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी से अपने साथ ले गई थी। हालांकि, परिवार को उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पता चला कि उसे अरविंद केजरीवाल को धमकी देने के मामले में पकड़ा गया है।
कोमल मूल रूप से रोहतक के समरगोपालपुर कलां गांव का रहने वाला है। वह पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ रोहतक की अमृत कॉलोनी में रह रहा था। वह रोहतक के DC ऑफिस में क्लर्क के पद पर कार्यरत था, लेकिन करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था।
बताया जा रहा है कि कोमल को अपना नाम पसंद नहीं था, जिसके चलते उसने अपना नाम बदलकर ‘कोबरा’ रख लिया था।
दरअसल, दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, 6 नवंबर को शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और वॉट्सऐप मैसेज आया था। इसी मामले में पुलिस ने जांच के बाद रोहतक निवासी कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा को गिरफ्तार किया है।


