कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को हैदराबाद में गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए भाजपा और RSS पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-RSS गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि कर्मचारी 24 घंटे काम करें और इसका फायदा अरबपतियों, खासकर अंबानी-अडानी को मिले। इसके विपरीत कांग्रेस गिग वर्कर्स को अपना पार्टनर बनाना चाहती है और उनके परिवारों को शिक्षा व सुरक्षा देना चाहती है।
इस दौरान राहुल गांधी ने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार की ओर से गिग वर्कर्स के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। कार्यक्रम में उन्होंने डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवर और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों से बातचीत की।
इससे पहले राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गिग वर्कर्स की बाइक रैली में भी शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी एक महिला बाइक राइडर के स्कूटर पर पीछे बैठे नजर आए। वहीं, हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट के दूसरे दिन भी राहुल गांधी शामिल होंगे।
गिग वर्कर्स को 5 लाख का दुर्घटना बीमा और 10 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस
राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स को काम के दौरान दुर्घटना या बीमारी का सामना करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान होता है और उनका परिवार भी परेशान होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए तेलंगाना सरकार प्रत्येक गिग वर्कर को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने जा रही है।
हर ट्रांजेक्शन से 1% राशि सीधे बैंक खाते में जाएगी
राहुल गांधी ने एक अन्य घोषणा करते हुए कहा कि हर राइड और डिलीवरी ट्रांजेक्शन पर 1 प्रतिशत राशि सीधे गिग वर्कर्स के बैंक खाते में जमा की जाएगी। यह पैसा उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए होगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के तहत संबंधित कंपनियों को यह राशि देनी होगी।


