जालंधर–होशियारपुर के मुकेरियां में एक 32 वर्षीय युवक सुनील कुमार ने पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने और आरोपियों की धमकियों से परेशान होकर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। करीब ढाई महीने पहले हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल होने के बाद सुनील लगातार न्याय की गुहार लगा रहा था, लेकिन सुनवाई न होने के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
होशियारपुर के मुकेरियां स्थित गांव लगाहं के रहने वाले सुनील कुमार (32) अपनी विधवा मां और दो बहनों का एकमात्र सहारा था। घटना की शुरुआत करीब ढाई महीने पहले हुई थी, जब सुनील अपनी स्विफ्ट कार में किसी काम से मुकेरियां गया था। बस स्टैंड के पास गाड़ी पार्किंग को लेकर सुनील की तीन युवकों के साथ कहासुनी हो गई थी।
बेसबॉल बैट से किया गया था जानलेवा हमला
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवकों ने सुनील पर बेसबॉल बैट से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में सुनील के सिर और आंख पर गंभीर चोटें आई थीं। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया था। इलाज के बाद से ही सुनील शारीरिक और मानसिक रूप से टूट चुका था, लेकिन असली संघर्ष अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शुरू हुआ।


