लखनऊ: प्रयागराज,फतेहपुर और कानपुर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को तेज रफ्तार आंधी ने जम कर तबाही मचायी। हालांकि कुछ देर हुयी झमाझम बारिश ने प्रचंड गर्मी से फौरी राहत प्रदान की। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा गुरुवार को जारी ‘डिस्ट्रिक्ट लेवल नाउकास्ट’ के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान मेघगर्जन, वज्रपात, तेज झोंकेदार हवाओं और बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। कानपुर में आज की सुबह का आगाज घने काले बादलों के साथ हुआ और करीब दस बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरु हो गयी। करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के चलने से पहले एहतियात के तौर पर बिजली विभाग ने लगभग पूरे शहर की बत्ती गुल कर दी।
प्रयागराज से प्राप्त रिपोटर् के अनुसार जिले में बुधवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई और कई इलाकों में ओले भी गिरे। इस बदलाव के कारण तापमान में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। जिसके बाद से मौसम ठंडा बना हुआ है।बीच बीच में ठंड हवाएं चल रही हैं।गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।


