पंजाब के तरनतारन विधानसभा सीट में आज, 11 नवंबर को उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान के प्रति लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है।
70 साल की बुजुर्ग अमरजीत सबसे पहले बूथ पर पहुंची और वोटिंग की। कांग्रेस उम्मीदवार करनबीर सिंह बुर्ज, शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर और आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह सिद्धू ने भी परिवार संग वोट डाला। फिलीपींस के रहने वाले जगदीश सिंह का वोट तरनतारन में है, इसलिए वो यहां आए हैं। लॉ स्टूडेंट मनजोत कौर ने इक्विलिटी लाने और क्रप्शन दूर करने वाले कैंडिडेट के लिए वोट किया।
उधर, बीजेपी के पोलिंग काउंटर के अंदर किसी शरारती तत्व ने कार खड़ी कर दी। पोलिंग एजेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बता दें कि 2022 में चुनाव जीते आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन से यह सीट खाली हुई थी। वोटिंग के लिए 222 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। पहली बार किसी उपचुनाव में केंद्रीय सुरक्षा बलों की 12 कंपनियां तैनात की गई हैं। इस सीट पर कुल 1.92 लाख वोटर हैं।
इस उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। खडूर साहिब से खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी ने यहां पहली बार विधानसभा में उम्मीदवार उतारा है। मतदान से तीन दिन पहले चुनाव आयोग ने अकाली दल की शिकायत पर एसएसपी रहीं डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल को हटा दिया था।


