जालंधर—पंजाब के जालंधर में बाइक रोकने और चालान काटने पर हंगामा हो गया। शक होने पर बाइक सवार युवकों ने वीडियो बनानी शुरू कर दी। इस पर नाका लगाने वाले पुलिसकर्मी भड़क गए। शक होने पर बाइक सवार ने जब उनके आईडी की मांग की तो वे सकपका गए।
युवक का शक बढ़ा तो उसने शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया। भीड़ बढ़ने और वीडियो बनता देख नाका लगाने वाले पुलिसकर्मी और उसके साथ आए 2 युवक मौके से भाग निकले। इसके बाद लोगों ने लोकल थाने से पुलिस कर्मियों और नाके की जानकारी जुटाई।
थाने से पता चला कि ना तो किसी पुलिस कर्मी को नाका लगाने की जिम्मेदारी दी गई और ना ही जिस जगह चेकिंग की जा रही थी, वहां कोई नाका लगाने की परमिशन है। इसी बीच पता चला कि जो युवक पुलिस की वर्दी में था, वह शिव सेना के नेता का गनमैन है। भीड़ में शामिल एक युवक ने उसकी पहचान की।
फिलहाल, पुलिस नकली पुलिस कर्मी बनने वाले युवकों की तलाश कर रही है। उधर, मामला संज्ञान में आने पर ACP परमिंदर सिंह ने आरोपी को लाइन हाजिर कर दिया है ।


