पाकिस्तान में रह रही भारतीय सिख महिला सरबजीत कौर की भारत वापसी एक बार फिर टल गई है। सोमवार को उन्हें अटारी–वाघा अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते भारत भेजने की पूरी तैयारियां कर ली गई थीं, लेकिन ऐन वक्त पर पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने उनकी वापसी पर रोक लगा दी। इसके कारण सीमा पर मौजूद भारतीय एजेंसियों को भी बिना सरबजीत कौर को लिए ही वापस लौटना पड़ा।
सरबजीत कौर पंजाब के कपूरथला की रहने वाली हैं। वह कुछ समय पहले सिख श्रद्धालुओं के एक जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थीं। वहां पहुंचने के बाद वह अचानक लापता हो गई थीं। बाद में सामने आया कि उन्होंने इस्लाम धर्म कबूल कर लिया, अपना नाम बदलकर नूर हुसैन रख लिया और एक पाकिस्तानी नागरिक नासिर हुसैन से शादी कर ली।
इस पूरे मामले को लेकर पाकिस्तान में कानूनी विवाद शुरू हो गया था, जिसके चलते उनकी भारत वापसी पर लगातार असमंजस बना हुआ है। हालांकि, एक बार फिर अंतिम समय में रोक लगने से सरबजीत कौर के परिजन और भारतीय अधिकारी निराश नजर आ रहे हैं।


