चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार (13 नवंबर) को घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए वनटाइम सेटलमेंट (OTS) स्कीम लॉन्च की। इस योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों पर लगने वाली पूरी पेनल्टी और ब्याज माफ कर दिया जाएगा। उपभोक्ताओं को केवल बिजली बिल की मूल बकाया राशि ही जमा करवानी होगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि यह योजना 45 दिनों तक लागू रहेगी। इसके तहत उपभोक्ताओं को शुरुआत में कुल बकाया मूल राशि का 25 प्रतिशत जमा करवाना होगा। शेष 75 प्रतिशत राशि का भुगतान छह-छह महीने की दो किस्तों में किया जा सकेगा।
इस योजना से पंजाब के करीब 24.86 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को फायदा मिलने की उम्मीद है। सरकार के अनुसार, कुल 2,516 करोड़ रुपये के बकाया बिजली बिलों में से 518 करोड़ रुपये की पेनल्टी और ब्याज माफ किया जाएगा।
CM बोले- बिना लिखी गारंटियां भी पूरी कीं
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस दौरान अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने चुनावी गारंटियों के अलावा वे वादे भी पूरे किए हैं, जिनका चुनाव के दौरान जिक्र तक नहीं किया गया था।
दिल्ली में प्रदूषण और पराली के धुएं को लेकर उन्होंने कहा कि पंजाब से दिल्ली तक धुआं पहुंचने के लिए हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए और इसके बावजूद उसे पहुंचने में करीब तीन दिन लगेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में धान की कटाई भी शुरू नहीं हुई थी, लेकिन दिल्ली में पहले ही पंजाब के धुएं को प्रदूषण का कारण बताया जाने लगा था।
मान बोले- केजरीवाल को मिली धमकी की जांच जारी
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को मिली धमकी के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है।
मान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव वाले राज्यों में सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों को भेजती है।


