जालंधर–कनाडा में रह रहे पंजाबी मूल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक के भाई पुनर सिंह ने इसकी पुष्टि की है। घटना 14 मार्च की दोपहर की है। एडमिंटन शहर के पास लेड्यूक इलाके में गोली मारी गई। अज्ञात हमलावरों ने हाईवे-2 पर एक कार को घेरकर उसमें सवार युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
मृतक की पहचान बीरइंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब का रहने वाला था और स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। पुलिस के अनुसार, वह ओंटारियो में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद हाल ही में अल्बर्टा प्रांत में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम कर रहा था।
दोस्तों के साथ लॉन्ग ड्राइव पर निकला
घटना उस समय हुई जब बीरइंदर सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ लॉन्ग ड्राइव पर निकला था। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त उसकी कार में एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, हालांकि पुलिस ने अभी उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के मुताबिक, सफेद या ग्रे रंग के पिकअप ट्रक में सवार हमलावरों ने बीरइंदर की कार को रोककर उस पर गोलियां बरसाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


