पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी आज दोपहर 12 बजे उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक के बाद इसकी घोषणा की थी।
हालांकि, उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाने के लिए शनिवार को PAC की एक और बैठक होगी। माना जा रहा है कि पहली सूची में करीब 15 उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं। इनमें सरकार के मंत्री, लगातार दो बार विधायक रह चुके नेता और हाल ही में विधानसभा क्षेत्रों के इंचार्ज बनाए गए नेताओं को जगह मिल सकती है। हालांकि, मुख्यमंत्री या पार्टी नेतृत्व की ओर से संभावित उम्मीदवारों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
30 से 40 विधायकों के टिकट कटने की अटकलें
AAP के टिकट वितरण से पहले पंजाब की राजनीति में बड़े बदलाव की चर्चाएं तेज हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि पार्टी 30 से 40 मौजूदा विधायकों के टिकट काटकर नए चेहरों को मौका दे सकती है।
बताया जा रहा है कि पार्टी के आंतरिक सर्वे और जमीनी फीडबैक के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जा सकता है। हालांकि, AAP की ओर से विधायकों के टिकट काटने को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पार्टी नेतृत्व के मुताबिक, उम्मीदवारों के चयन में क्षेत्रीय समीकरण, जनता के बीच लोकप्रियता, विधायकों का कामकाज और संगठन से मिले फीडबैक को महत्व दिया जा सकता है।
फिलहाल पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से 94 पर AAP के विधायक हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव में पार्टी के सामने सत्ता बरकरार रखने की बड़ी चुनौती होगी।
सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में जुटाया जा रहा फीडबैक
AAP ने पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में जमीनी फीडबैक जुटाने की व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छह सेक्टर इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं।
ये इंचार्ज सरकार की योजनाओं, पार्टी के कामकाज और विधायकों की लोकप्रियता को लेकर जनता की राय जुटा रहे हैं। इसी फीडबैक के आधार पर उम्मीदवारों के चयन की रणनीति तैयार की जा रही है।
जानिए, केजरीवाल के घर हुई बैठक में क्या हुआ
शुक्रवार को दिल्ली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर उम्मीदवारों के नामों को लेकर मंथन हुआ।
बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, पार्टी नेता सत्येंद्र जैन और जैस्मिन शाह शामिल हुए। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े।
इस दौरान पार्टी के आंतरिक सर्वे, मंत्रियों-विधायकों और हलका इंचार्जों के पिछले रिकॉर्ड पर चर्चा हुई। साथ ही सर्वे में नेताओं की स्थिति और संगठन से मिले फीडबैक के आधार पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया।
अब सबकी नजरें PAC की बैठक और AAP की पहली उम्मीदवार सूची पर टिकी हैं।


