चंडीगढ़–पंजाब विधानसभा में बजट सत्र का आज चौथा दिन है। हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास हुआ। वहीं महिला आयोग ने भी खैहरा से 12 मार्च तक जवाब देने को कहा है।
प्रश्नकाल के इस दौरान विधानसभा में मेडिकल कॉलेज बनाने को लेकर कांग्रेस और AAP के बीच जमकर बहस हुई। कांग्रेस विधायक तृप्त राजिंदर बाजवा ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मैंने सरकारी मेडिकल कॉलेज पूछे लेकिन यह प्राइवेट बता रहे हैं। इस पर सेहत मंत्री बलबीर सिद्धू ने कहा कि प्राइवेट को भी हम मदद देते हैं।
इस पर नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि वह अपने बनाए मेडिकल कॉलेज की बात करें। इस पर मंत्री अमन अरोड़ा जवाब देने के लिए खड़े हुए लेकिन बाजवा ने विरोध किया कि इसका जवाब हेल्थ मिनिस्टर ही दे सकते हैं, कोई दूसरा मंत्री या पार्टी का प्रधान नहीं। इस पर स्पीकर ने संविधान का प्रावधान सुनाया कि किसी भी मामले के लिए सभी मंत्री जवाबदेह हैं। इसको लेकर हंगामा चलता रहा।
इस दौरान वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि 75 साल के नेता विपक्ष ने गालियां निकाली हैं। उन्होंने मांग की कि बाजवा माफी मांगें। इन्होंने हमारे लोगों को गालियां दी हैं। ये बदमाशियां कर रहे हैं। इन्हें मेंटल अस्पताल में दाखिल करें। इस हाउस में बदमाशी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रश्नकाल के बाद जीरो ऑवर चल रहा है।


