International: बांग्लादेश के दूसरे सबसे बड़े शहर चटगांव में स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (IVAC) में वीजा सेवाएं अगले आदेश तक अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दी गई हैं। यह फैसला देश में बढ़ते राजनीतिक तनाव और सुरक्षा हालात के मद्देनजर लिया गया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह कदम प्रमुख युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़की हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद उठाया गया है। हादी पिछले वर्ष हुए छात्र-नेतृत्व वाले आंदोलन के प्रमुख चेहरा थे, जिन आंदोलनों के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी थी। हादी आगामी 12 फरवरी को होने वाले आम चुनावों के लिए उम्मीदवार भी थे।
गोलीकांड से मचा बवाल
12 दिसंबर को मध्य ढाका के विजयनगर इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान नकाबपोश बंदूकधारियों ने हादी के सिर में गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। हादी की मौत के बाद बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।


