दिल्ली में पार्लियामेंट्री लाइब्रेरी बिल्डिंग (PLB) के जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में मंगलवार को NDA संसदीय दल की बैठक होगी। यह बैठक सुबह 9.30 बजे से शुरू होगी। इसमें NDA के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को मौजूद रहने को कहा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसदीय दल की बैठक को संबोधित कर सकते हैं। बैठक में NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को सम्मानित किए जाने की भी संभावना है। हालांकि, इसको लेकर NDA की तरफ से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
17 अगस्त को भाजपा संसदीय बोर्ड बैठक के बाद NDA की तरफ से उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए राधाकृष्णन के नाम का ऐलान किया गया था। राधाकृष्णन 20 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान NDA शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई की रात अचानक पद से इस्तीफा दे दिया था। 74 साल के धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था। धनखड़ के इस्तीफे के बाद, चुनाव आयोग ने 1 अगस्त को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की घोषणा की थी।


