पंजाब में किसान मजदूर मोर्चा आज से चिप वाले बिजली मीटर उतारकर पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड( PSPCL) के दफ्तरों में जमा करवाएगा। पटियाला जिले में KMM से जुड़े किसानों ने मुहिम शुरू करने से एक दिन पहले ही चिप वाले मीटर उतारने शुरू कर दिए।
लुधियाना में किसान मजदूर मोर्चा के प्रदेश स्तरीय नेता दिलबाग सिंह के नेतृत्व में किसान राहों रोड स्थित गौंसगढ़ इलाके में चिप वाले मीटर उतारने की मुहिम शुरू करेंगे। दिलबाग सिंह ने बताया कि गौंसगढ़ इलाके से कई लोगों ने KMM द्वारा जारी नंबर पर कॉल करके मीटर उतारने के लिए बुलाया है।
दिलबाग सिंह ने बताया कि जितने बिजली मीटर खपतकारों के उतारे जाएंगे वो सभी PSPCL के गौंसगढ़ स्थित बिजली दफ्तर में जमा करवाएंगे। उन्होंने कहा कि जहां जहां किसान चिप वाले बिजली मीटर उतारेंगे वो अपने नजदीकी दफ्तर में मीटर जमा करवाएंगे।
जबरन नहीं उतारेंगे बिजली मीटर
दिलबाग सिंह ने बताया कि जबरन किसी के मीटर नहीं उतारे जाएंगे। उनसे जो संपर्क करेगा सिर्फ उनके ही मीटर उतारेंगे। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब के लोगों को भविष्य में निरंतर बिजली चाहिए तो वो चिप वाले मीटर उतारकर पावरकॉम को सौंपें और वो खुद नहीं सौंप सकते तो KMM से संपर्क करें।


