कश्मीर में शुक्रवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। गुलमर्ग, सोनमर्ग और गुरेज में पहाड़ों की चोटियां सफेद हो गई हैं। एक तरफ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, वहीं श्रीनगर सहित मैदानी इलाकों में बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को कहा था कि जम्मू-कश्मीर में 5-7 अक्टूबर तक भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। हालांकि, इससे पहले ही बर्फबारी हो गई। इससे पर्यटकों में उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों के बीच त्योहार जैसा माहौल है।
इधर, बिहार और छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश की आशंका के चलते रेड अलर्ट है। IMD ने बिहार के 38 के 38 जिलों और छत्तीसगढ़ के 28 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है। बिहार के कई जिलों में गुरुवार को भी जमकर बारिश हुई। इससे दुर्गा पंडालों में 2-3 फीट तक पानी भर गया।
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। बारिश का दौर 6 से 7 अक्टूबर तक रहेगा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में आज सुबह भारी बारिश के साथ ओले गिरे।


