चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अभी से अपनी चुनावी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। मोगा में आयोजित रैली के जरिए पार्टी ने सत्ता में वापसी के लिए चार प्रमुख फॉर्मूलों का संकेत दिया है। इस बार AAP की चुनावी रणनीति में न तो अरविंद केजरीवाल मुख्य चेहरा होंगे और न ही पार्टी के नाम को प्रमुखता दी जाएगी। इसके बजाय पूरी चुनावी मुहिम मुख्यमंत्री भगवंत मान के चेहरे के इर्द-गिर्द केंद्रित रखने की तैयारी है।
मोगा रैली में पार्टी के नेताओं के संबोधन में भी इसका संकेत देखने को मिला। नेताओं ने AAP सरकार के बजाय ‘मान सरकार’ का जिक्र कर मुख्यमंत्री भगवंत मान को चुनावी अभियान के केंद्र में रखने का संदेश दिया।
1. दिल्ली से सरकार चलने के आरोपों का जवाब देगी AAP
AAP की पहली रणनीति पंजाब सरकार के दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलने के विपक्षी आरोपों को कमजोर करना है। कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा लगातार यह आरोप लगाते रहे हैं कि पंजाब से जुड़े अहम फैसले दिल्ली में बैठे पार्टी नेतृत्व की ओर से लिए जाते हैं।
राजनीतिक विशेषज्ञ कर्नल जेएस गिल के मुताबिक, भगवंत मान को चुनावी चेहरे के तौर पर आगे रखकर AAP यह संदेश देना चाहती है कि पंजाब के फैसले पंजाब का ही एक नेता ले रहा है। इसके जरिए पार्टी ‘दिल्ली बनाम पंजाब’ के राजनीतिक नैरेटिव को खत्म करने की कोशिश करेगी।
2. 97 लाख से अधिक महिला वोटर्स पर नजर
AAP की चुनावी रणनीति का दूसरा बड़ा आधार महिला मतदाता हैं। पंजाब में कुल 2,01,00,727 मतदाता हैं, जिनमें 97,24,195 महिलाएं शामिल हैं। यानी कुल मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी 48.37 प्रतिशत है।
पार्टी मावां-धीयां सत्कार योजना, मुफ्त बिजली और मुफ्त इलाज जैसी योजनाओं के जरिए महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश करेगी। इसके अलावा तीर्थ यात्रा जैसी योजनाओं को भी चुनावी प्रचार में प्रमुखता दी जा सकती है।
मोगा रैली में अरविंद केजरीवाल ने अपने करीब 21 मिनट 40 सेकेंड के भाषण में महिलाओं पर विशेष फोकस रखा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने परिवार के पुरुष सदस्यों को भी आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करें।
3. मुफ्त योजनाओं के बंद होने का मुद्दा उठाएगी पार्टी
AAP चुनाव प्रचार के दौरान मुफ्त बिजली, मावां-धीयां सत्कार योजना और मुफ्त इलाज सहित सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से पेश करेगी।
पार्टी मतदाताओं के बीच यह संदेश पहुंचाने की कोशिश करेगी कि यदि पंजाब में सरकार बदलती है तो इन योजनाओं का लाभ बंद हो सकता है। मोगा रैली में अरविंद केजरीवाल ने लोगों से भगवंत मान सरकार को दोबारा समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि इन योजनाओं को बंद करने की किसी में हिम्मत नहीं है।
4. अकाली-भाजपा गठबंधन को बनाएगी मुख्य निशाना
AAP की चौथी रणनीति शिरोमणि अकाली दल और भाजपा को संभावित गठबंधन के रूप में प्रमुख राजनीतिक चुनौती मानकर चुनावी मुकाबले की तैयारी करना है।
राजनीतिक विशेषज्ञ पवनदीप शर्मा के अनुसार, 2024 के लोकसभा चुनाव में अकाली दल और भाजपा अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरे थे। दोनों दलों के वोट प्रतिशत को जोड़ने पर उनका संयुक्त वोट शेयर AAP और कांग्रेस से करीब 6 प्रतिशत अधिक बैठता है।
विधानसभा क्षेत्रवार वोटों के विश्लेषण के आधार पर भी यह गठबंधन 117 में से करीब 58 सीटों पर मजबूत स्थिति में दिखाई देता है। ऐसे में AAP आगामी चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन को मुख्य निशाने पर रख सकती है।
कुल मिलाकर, पंजाब में 2027 का विधानसभा चुनाव AAP के लिए सत्ता बरकरार रखने की बड़ी चुनौती होगा। भगवंत मान का चेहरा, महिला मतदाताओं का समर्थन, मुफ्त कल्याणकारी योजनाएं और विपक्षी गठबंधन को घेरने की रणनीति पार्टी के चुनावी अभियान के चार प्रमुख आधार बनते नजर आ रहे हैं।


