नई दिल्ली। पाकिस्तान और चीन से बढ़ती सैन्य चुनौतियों के बीच भारत जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से सटी 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (LoC) पर अपनी हवाई सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत भारत पांचवां S-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने की योजना बना रहा है। इस सिस्टम की तैनाती फरवरी 2027 तक किए जाने की उम्मीद है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय वायुसेना की एक टीम अगले महीने रूस का दौरा करेगी। इस दौरान S-400 सिस्टम का प्री-डिस्पैच इंस्पेक्शन किया जाएगा। मामले से जुड़े दो अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
चीन के J-35 लड़ाकू विमानों के जवाब में भारत की तैयारी
रिपोर्ट के अनुसार, चीन 2027 में पाकिस्तान को पांचवीं पीढ़ी के J-35 लड़ाकू विमान सौंप सकता है। इस संभावित सैन्य सहयोग को देखते हुए भारत भी अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत करने में जुटा है।
भारत लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों और लोइटरिंग म्यूनिशन (आत्मघाती ड्रोन) के विकास और खरीद की योजना बना रहा है। इन हथियारों के जरिए भारत चीन की PL-15E लंबी दूरी की एयर-टू-एयर मिसाइल और HQ-9BE एयर डिफेंस सिस्टम जैसी क्षमताओं का मुकाबला करने की तैयारी कर रहा है।
रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया गया है। इसके मुताबिक, इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना ने चीन के J-10 लड़ाकू विमानों और स्वीडिश AWACS की मदद से करीब 200 किलोमीटर की रेंज वाली PL-15E मिसाइलों का इस्तेमाल किया था।
पाकिस्तान चीन से खरीद रहा 8 हैंगोर क्लास पनडुब्बियां
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन और तुर्किये पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने में मदद कर रहे हैं। वहीं, अमेरिका पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमानों को अपग्रेड करने में सहयोग कर रहा है। दूसरी ओर, सऊदी अरब पाकिस्तान को आर्थिक सहायता दे रहा है।
पाकिस्तान चीन से 8 हैंगोर क्लास पनडुब्बियां खरीद रहा है। इस रक्षा सौदे की कुल कीमत 5 अरब डॉलर से अधिक बताई गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 46,220 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
इनमें से एक पनडुब्बी जून 2026 में पाकिस्तानी नौसेना में शामिल हो चुकी है। इस सौदे को पाकिस्तान की नौसैनिक क्षमताओं में विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


