Monday, August 24, 2026
Monday, August 24, 2026

अमरावती के महिला अस्पताल के NICU में आग, 3 नवजातों की मौत

Date:

महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के NICU में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई। हादसा अस्पताल की तीसरी मंजिल पर हुआ, जहां आग के बाद पूरे NICU में धुआं फैल गया। उस समय यहां 39 नवजात भर्ती थे।

आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अमरावती के पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के मुताबिक, NICU के तीन कंपार्टमेंट में से एक में 9 नवजात भर्ती थे। आग की चपेट में आने से इनमें से 3 नवजातों की मौत हो गई। बाकी 6 बच्चों को इलाज के लिए दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। इन बच्चों की मौजूदा स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस की शुरुआती जांच में NICU में लगे वेंटिलेटर के अंदर धमाका होने के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए हाईलेवल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के सचिव को सोमवार को ही अमरावती पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने मृत नवजातों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया है।

दो दिन पहले छिंदवाड़ा में भी NICU में लगी थी आग

महाराष्ट्र की घटना से दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगने की घटना हुई थी। शनिवार देर रात करीब 2 बजे वार्मर मशीन के फिलामेंट से निकली चिंगारी के बाद आग लग गई थी।

हादसे में तीन नवजात झुलस गए थे। अस्पताल स्टाफ ने फायर फाइटिंग उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया और बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद तीनों नवजातों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।

इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर थी और उसे सर्जरी की जरूरत थी। छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चे को जबलपुर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि मृत बच्चे का जन्म हादसे से कुछ घंटे पहले ही हुआ था।

लगातार दो राज्यों के अस्पतालों के NICU में आग की घटनाओं ने नवजातों की सुरक्षा और अस्पतालों में फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related