पंजाब के किसानों ने सोमवार को मोहाली से चंडीगढ़ की ओर अपना मार्च शुरू कर दिया। किसान ट्रैक्टरों और पैदल जत्थों के साथ आगे बढ़ रहे हैं और उनका लक्ष्य सेक्टर-17 स्थित सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना है।
किसानों का काफिला फोर्टिस अस्पताल के नजदीक से बुड़ैल जेल की दिशा में बढ़ रहा है। दूसरी ओर, चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा कारणों से शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और सीमा क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी के साथ बैरिकेडिंग कर रखी है।
किसान नेताओं का कहना है कि यदि प्रशासन उन्हें आगे बढ़ने से रोकता है तो वे मौके पर ही स्थायी धरना शुरू कर देंगे। यह आंदोलन किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की अगुवाई में चलाया जा रहा है।
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के बैनर तले जुटे किसानों का आरोप है कि बैंक ऋण जारी करते समय उनसे सुरक्षा के तौर पर चेक लिए जाते हैं, लेकिन कर्ज चुकाने के बाद भी कई मामलों में चेक वापस नहीं किए जाते। इसी मुद्दे को लेकर किसान अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन किसानों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कराने के प्रयास भी जारी हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


