अमृतसर—शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को चुनाव होने होंगे। ये चुनाव गोल्डन टेंपल परिसर में स्थित तेजा सिंह समुंदरी हॉल में होंगे। अकाली दल इस बार भी हरजिंदर सिंह धामी को ही इस पद के लिए समर्थन देने वाला है, जबकि विरोधी पार्टी से कौन उतरेगा, इसका ऐलान अभी नहीं हुआ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात या कल सुबह अकाली दल (पुनर सुरजीत) की तरफ से बीबी जागीर कौर का नाम घोषित किया जा सकता है। वहीं, मौजूदा मुख्य सचिव प्रताप सिंह का मानना है कि कल का चुनाव सर्वसम्मति के साथ भी संभव है।
मुख्य सचिव ने संकेत दिया कि मौजूदा अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के नाम पर एकमत से सहमति बन सकती है। यदि सहमति नहीं बनी, तो चुनाव प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
यहां उल्लेखनीय है कि पिछले साल 28 अक्टूबर को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव हुए थे। इसमें एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी चौथी बार SGPC के प्रधान चुने गए थे। धामी को 107 वोट मिले थे, वहीं बागी गुट की उम्मीदवार बीबी जागीर कौर को सिर्फ 33 वोट मिले थे।


