अमृतसर—दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ आज अमृतसर पहुंची हैं। यह दौरा धार्मिक और सांस्कृतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एक ही दिन में शहर के तीन बड़े और ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगी।
मुख्यमंत्री का दल पहले राजासांसी एयरपोर्ट पहुंचा, जहां प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से सीधा सीएम का काफिला विश्व प्रसिद्ध श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यहां माथा टेका और गुरबाणी का आशीर्वाद लिया।
CM रेखा गुप्ता क्या बोली?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि लाल किले में आयोजित 350 सालों की शताब्दी समागम के बाद वे विशेष रूप से गुरुद्वारा साहिब में शुकराना करने आए हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि जब दिल्ली में ब्लास्ट हुआ था, उस समय मन बहुत घबरा गया था और उन्होंने गुरु साहिब के आगे अरदास की थी कि इतना बड़ा दिहाड़ा सुरक्षित और शांति से मन जाए।
गुरु साहिब की कृपा से शताब्दी बड़े ही सुचारू और पवित्र ढंग से मनाई गई, और संगत ने भरपूर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली कमेटी के सहयोग से यह ऐतिहासिक दिहाड़ा मनाया गया। साथ ही, गुरु साहिबान की जीवनी और इतिहास पर आधारित कई पुस्तकों का प्रकाशन भी किया गया है, जिससे बच्चों को अपने विरसे और इतिहास से जोड़ने में मदद मिलेगी।
सीस गंज साहिब, जहां गुरु साहिब का महान बलिदान हुआ और लाल किला, जहां इतिहास गवाह है, इन दोनों स्थानों ने इस शताब्दी समागम को और भी विशेष बना दिया।


