पटियाला से कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। हिंदू धर्म, देवी-देवताओं और धार्मिक यात्राओं से संबंधित उनकी कथित टिप्पणियों को लेकर लुधियाना के पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ता ने सांसद के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइंस, लुधियाना निवासी वरुण मेहता ने 25 अगस्त को पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉ. धर्मवीर गांधी ने फेसबुक पर भगवान शिव, भगवान श्रीराम और सनातन धर्म से जुड़ी धार्मिक यात्राओं को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां की हैं।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन टिप्पणियों से हिंदू और सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की ओर से सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां समाज में तनाव पैदा कर सकती हैं और आपसी भाईचारे पर भी असर डाल सकती हैं।
डॉ. धर्मवीर गांधी ने पोस्ट में क्या कहा?
- टैक्स के पैसे के इस्तेमाल पर सवाल: डॉ. गांधी ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि उनका परिवार दिन-रात मेहनत करके टैक्स भरता है और यह पैसा पंजाब के लोगों को बेहतर इलाज, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर खर्च होना चाहिए।
- धार्मिक यात्राओं पर आपत्ति: उन्होंने लिखा कि उनके टैक्स के पैसे को ‘एक शाम, शिव के नाम’, ‘हमारे राम’, नए मंदिरों के निर्माण, श्री खाटू श्याम, सालासर, हरिद्वार, ऋषिकेश, मथुरा, वृंदावन और श्री हजूर साहिब जैसी धार्मिक यात्राओं या अन्य धार्मिक आयोजनों पर खर्च नहीं किया जाना चाहिए।
- धर्म और सरकारी संरक्षण पर राय: डॉ. गांधी ने कहा कि धर्म किसी भी व्यक्ति की निजी आस्था का विषय है। उनके अनुसार राज्य की ओर से किसी एक या दूसरे धर्म को प्रोत्साहन या संरक्षण देना भारतीय संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे समुदायों के बीच भेदभाव और विभाजन बढ़ सकता है।
मामला अब पुलिस शिकायत तक पहुंच गया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों पर पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।


