चंडीगढ़–पंजाब के पूर्व सांसद और शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के प्रधान सिमरनजीत सिंह के दोहते (नाती) गोविंद सिंह संधू विवादों में घिर गए। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के नेता विरसा सिंह वल्टोहा ने गोविंद सिंह संधू की शादी के फोटो शेयर कर ऐतराज जताया है। उनका आरोप है कि संधू ने शादी के दौरान कुछ रस्मों में धर्मिक प्रतीकों जैसे चौर और छत्र साहिब का इस्तेमाल किया, जो सिख मर्यादा के खिलाफ है।
जैसे ही यह मामला तूल पकड़ने लगा तो गोविंद सिंह संधू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अनजाने में गलती हुई है। हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं।
न्यू चंडीगढ़ में हुई थी शादी
हाल ही में गोविंद सिंह संधू की शादी न्यू चंडीगढ़ में एक निजी फार्म हाउस में सराह कौर ढिल्लों से हुई। यह शादी काफी हाई-प्रोफाइल रही। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें मान की बेटी के बेटे संधू को चलते हुए दिखाया गया है। वीडियो में उनके सिर के ऊपर चौर (मोर पंख का पंखा) घुमाया जा रहा है।
वहीं, एक अन्य व्यक्ति उनके ऊपर छत्र (राजसी छाता) पकड़े नजर आता है। पीछे ढोल और बाजों की आवाज सुनाई दे रही है। इसके अलावा, दो पगड़ीधारी सिख युवक भाले लेकर संधू के साथ चलते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सिख समुदाय के एक वर्ग ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि चौर और छत्र सिख धर्म में खास महत्व रखते हैं। ये प्रतीक केवल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सेवा और सम्मान से जुड़े होते हैं। इसलिए किसी व्यक्ति के लिए इन प्रतीकों का उपयोग करना सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।


