गुरुग्राम—गुरुग्राम में पुलिस ने नशीले पदार्थों के कारोबार और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मानेसर में भी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। गुरुवार को मानेसर के पास कासन में नशा बेचने वालों के ठिकानों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई के लिए बुलडोजर रवाना कर दिए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम अवैध निर्माणों और नशे के अड्डों को ध्वस्त करने में जुटी है, ताकि अपराधियों की कमर तोड़ी जा सके। नशे में संलिप्त आरोपियों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध प्रॉपर्टी पर चलाया जा रहा बुलडोजर
हाल की कार्रवाइयों में सेक्टर-44 जैसी जगहों पर सरकारी जमीन पर बनी 100 से अधिक अवैध झुग्गियों को बुलडोजर से गिराया गया, जहां नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी का गढ़ बन चुका था। इनमें कई आरोपियों पर 10 से अधिक केस दर्ज हैं, जिनमें ड्रग्स सप्लाई, अवैध हथियार और मारपीट शामिल हैं।
मानेसर में बढ़ रहा नशे का व्यापार
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई अपराध से अर्जित संपत्तियों को नष्ट करने के उद्देश्य से की जा रही है। मानेसर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में नशा तस्करी बढ़ रही है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। संयुक्त टीम नियमित छापेमारी और बुलडोजर एक्शन से ऐसे ठिकानों को खत्म करेगी। पुलिस अभियान जारी रखेगी।


